सोनभद्र। बिजली विभाग की विजिलेंस टीम द्वारा जनपद के किसानों के कथित उत्पीड़न के खिलाफ 'किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा' ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (ADM) को अपनी मांगों से अवगत कराया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों को दंडित करने का आग्रह किया।

 

किसानों के पंप काटना बर्दाश्त नहीं: संदीप मिश्रा

मोर्चा संयोजक संदीप मिश्रा ने विजिलेंस टीम को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार के असहयोग के बावजूद आज जनपद के अन्नदाता अपने कठिन परिश्रम से फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। ऐसे कठिन समय में विजिलेंस टीम द्वारा किसानों के खेतों से मोनोब्लॉक और सबमर्सिबल पंप काटकर ले जाना घोर उत्पीड़न है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

 

सत्ताधारियों पर मौन रहने का लगाया आरोप

श्री मिश्रा ने विजिलेंस टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जनपद में जहां सत्ताधारी लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही है, वहां विजिलेंस के अधिकारी पूरी तरह मौन साध लेते हैं, जबकि गरीब किसानों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस भ्रष्टाचार की तत्काल जांच कर विजिलेंस टीम की मनमानी पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में संगठन द्वारा पूरी विजिलेंस टीम का घेराव किया जाएगा।

 

ज्ञापन सौंपने और विरोध दर्ज कराने वाले प्रतिनिधिमंडल में आकाश चौहान, हर्षित तिवारी, विक्की पटेल, राजकुमार मौर्य, दिनेश चेरो, विजय चौहान, अरविन्द चौहान और धीरज कनौजिया सहित अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।